यूपी की सियासत में 2027 का रण जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे दलित वोट बैंक की जंग भी तेज होती जा रही है। बहुजन राजनीति की सबसे बड़ी चेहरा मायावती अब खुलकर मैदान में उतर चुकी हैं और उन्होंने एक साथ अखिलेश यादव, राहुल गांधी और चंद्रशेखर आजाद रावण पर तीखा हमला बोल दिया है।
कांशीराम के नाम पर राजनीति करने वालों को मायावती ने “वोट के भूखे” तक कह दिया है। सवाल बड़ा है—क्या दलित राजनीति का असली वारिस कौन? मायावती या चंद्रशेखर आजाद? और क्या 2027 से पहले बहुजन वोट बैंक में बड़ी टूट होने वाली है? यही बन चुका है यूपी की राजनीति का सबसे बड़ा सवाल। उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित वोट बैंक हमेशा से सत्ता की चाबी माना जाता रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही यह वोट बैंक एक बार फिर राजनीतिक दलों के केंद्र में आ गया है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने जिस आक्रामक अंदाज में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण पर हमला बोला है, वह साफ संकेत देता है कि इस बार दलित नेतृत्व की लड़ाई काफी तीखी होने वाली है।
ALSO READ:सड़को पर पढ़ेंगे नमाज , मौलाना ने योगी को दी खुली धमकी
मायावती का सबसे बड़ा राजनीतिक आधार दलित समाज रहा है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चंद्रशेखर आजाद रावण ने जिस तरह से दलित युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत की है, उसने बसपा की चिंता बढ़ा दी है। चंद्रशेखर आजाद लगातार कांशीराम और बाबा साहेब आंबेडकर की विचारधारा का हवाला देकर खुद को बहुजन आंदोलन का नया चेहरा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। यही कारण है कि मायावती अब सीधे नाम लेकर चंद्रशेखर आजाद पर हमला कर रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह हमला सिर्फ बयानबाजी नहीं बल्कि अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने की रणनीति का हिस्सा है।
कांशीराम की जयंती पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने और राहुल गांधी द्वारा उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठाने पर मायावती ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे चुनावी स्वार्थ बताया और कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब कांशीराम को भारत रत्न क्यों नहीं दिया गया।मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस हमेशा से बसपा को कमजोर करने की साजिश करती रही हैं और अब चुनाव नजदीक देखकर कांशीराम के नाम का इस्तेमाल कर रही हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के जरिए एक नया सामाजिक समीकरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर यह रणनीति सफल होती है तो बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लग सकती है। यही वजह है कि मायावती ने सपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार ने बसपा द्वारा किए गए कई स्मारक और योजनाओं को बदल दिया था। आज की बहुजन राजनीति में एक तरफ मायावती का अनुभव और संगठन है तो दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद की आक्रामक शैली और युवाओं में लोकप्रियता। चंद्रशेखर खुद को सड़क की लड़ाई का नेता बताते हैं जबकि मायावती खुद को नीतियों और सत्ता के जरिए बदलाव लाने वाला नेतृत्व बताती हैं।
यह टकराव असल में बहुजन राजनीति के पुराने मॉडल और नए मॉडल के बीच की लड़ाई भी माना जा रहा है। मायावती ने अपने बयान में बीजेपी को भी चुनौती दी और संकेत दिया कि बसपा अभी भी यूपी की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। हालांकि विपक्षी दल लगातार बसपा पर बीजेपी की “बी टीम” होने का आरोप लगाते रहे हैं, जिसे मायावती खारिज करती रही हैं।
2027 का चुनाव इसलिए भी अलग माना जा रहा है क्योंकि इस बार दलित वोट पूरी तरह एकजुट नजर नहीं आ रहा। एक हिस्सा बसपा के साथ है, दूसरा हिस्सा सपा की PDA रणनीति की तरफ झुक रहा है और तीसरा हिस्सा चंद्रशेखर आजाद जैसे नए नेतृत्व को देख रहा है। अगर यह बिखराव जारी रहता है तो इसका सीधा फायदा बीजेपी को भी मिल सकता है, जो पहले ही गैर-यादव OBC और गैर-जाटव दलित वोटों में अपनी पकड़ बना चुकी है।
अब इस पूरी खबर का निष्कर्ष क्या है तो वो भी आप जान लीजिये ,,,मायावती का आक्रामक रुख यह बताता है कि वह अभी भी खुद को बहुजन राजनीति का सबसे मजबूत स्तंभ मानती हैं। लेकिन चंद्रशेखर आजाद और अखिलेश यादव की सक्रियता ने इस दावे को चुनौती दे दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मायावती अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचा पाएंगी या 2027 में बहुजन राजनीति का नया चेहरा सामने आएगा? आने वाले समय में यही लड़ाई यूपी की राजनीति की दिशा तय करेगी।






