भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू तीन दिवसीय धार्मिक यात्रा पर मथुरा पहुंचेंगी। इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और पिछले कई दिनों से तैयारियां जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति विशेष वायुसेना हेलीकॉप्टर से आगरा से मथुरा कैंट स्थित आर्मी हेलीपैड पर उतरेंगी। उनके आगमन को देखते हुए पूरे रूट को सजाया-संवारा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मथुरा और वृन्दावन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों और रूट पर पुलिस, पीएसी, एटीएस कमांडो के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई स्थानों पर यातायात अस्थायी रूप से रोका जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तीन दिनों तक वृंदावन आने से बचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति गोवर्धन में गोवर्धन परिक्रमा करेंगी।
राष्ट्रपति वात्सल्य ग्राम का भी दौरा करेंगी, जहां वे रक्त चित्रों के अनूठे संग्रहालय का अवलोकन करेंगी। उनके स्वागत के लिए पूरे परिसर को ब्रज की पारंपरिक कला और संस्कृति के अनुरूप सजाया जा रहा है। इसके अलावा, वह संविद गुरुकुलम “महिला सैनिक स्कूल” में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी, जहां बालिका कैडेट्स द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। ‘अनंत नारी शक्ति’ कार्यक्रम में राष्ट्रपति छात्राओं को संबोधित भी करेंगी।
प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हाल ही में राष्ट्रपति के काफिले का विशेष रिहर्सल भी किया गया है। आगरा से मथुरा तक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति का यह दौरा जहां एक ओर ब्रज क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है, वहीं सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





