फर्रुखाबाद, जनपद के विकास खंड बढ़पुर की ग्राम पंचायत रम्पुरा में आज जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजना पर “जल महोत्सव पखवाड़ा” के तहत “जल अर्पण” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्रामवासियों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के बारे में जागरूक किया। उन्होंने साफ कहा कि “पानी की हर बूंद अनमोल है, इसका सीमित और सही उपयोग ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देगा। इस दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने विधिवत योजना का जलार्पण किया और पूरे गांव को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी शुरुआत की। साथ ही ग्रामवासियों को जल बचाने और पेयजल की सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
क्या है जल जीवन मिशन?

जल जीवन मिशन की शुरुआत भारत सरकार द्वारा वर्ष 2019 में की गई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर ग्रामीण घर तक नल के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। “हर घर जल” के संकल्प के साथ शुरू हुई इस योजना के तहत गांव-गांव पाइपलाइन बिछाकर सुरक्षित पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ALSO READ:मायावती का सपा-कांग्रेस पर हमला: कांशीराम जयंती की राजनीति पर बढ़ा सियासी संग्राम
गांव में क्या-क्या हुआ अधिशासी अभियंता (जल निगम ग्रामीण) ने ग्रामवासियों को योजना की पूरी जानकारी दी और बताया कि किस तरह यह परियोजना गांव की जल समस्या को खत्म करेगी। इस मौके पर सहायक अभियंता नितिन वर्मा, जूनियर इंजीनियर अंकुर सक्सेना, अखिलेश कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर अभय सिंह, जिला प्रोजेक्ट मैनेजर विकास राय, खंड विकास अधिकारी योगेश कुमार पांडेय, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गांव में दिखा उत्साह, जल बचाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में पूरे गांव ने एकजुट होकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। लोगों ने कहा कि अब सिर्फ पानी लेना ही नहीं, बल्कि उसे बचाना भी उनकी जिम्मेदारी है।







