Home Political news 3 अप्रैल से आगरा से मथुरा तक चौथे चरण की ‘रोज़गार दो–सामाजिक...

3 अप्रैल से आगरा से मथुरा तक चौथे चरण की ‘रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकालेगी आप: संजय सिंह

355
0

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, गैस संकट और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए 3 अप्रैल से शुरू होने वाली ‘रोजगार दो सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि लगभग 100 किलोमीटर लंबी चौथे चरण की यह पदयात्रा आगरा के शहीद स्मारक, संजय पैलेस से शुरू होकर हाथरस होते हुए मथुरा में 9 अप्रैल को समाप्त होगी, जिसमें जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं, स्वागत सभाएं और बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा नफरत की राजनीति के खिलाफ मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने के लिए निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि मोहब्बत की नगरी आगरा से शुरू होकर भगवान कृष्ण की प्रेम और आदर्श की नगरी मथुरा तक यह यात्रा समाज को जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश में नफरत फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है, जिसके खिलाफ आम आदमी पार्टी प्रेम, न्याय और समानता का संदेश लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा बन चुकी है और नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। जब युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उन्हें लाठियां और मुकदमे मिलते हैं। आम आदमी पार्टी इस पदयात्रा के माध्यम से रोजगार और सामाजिक न्याय के सवाल को पूरे प्रदेश में मजबूती से उठाएगी।

गैस संकट पर केंद्र सरकार को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि देशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े हैं, कहीं मारपीट हो रही है तो कहीं दुकानों पर हंगामा हो रहा है, लेकिन भाजपा सरकार धृतराष्ट्र की तरह आंखों पर पट्टी बांधकर बैठी है। उन्होंने कहा कि आगरा में एक बुजुर्ग की गैस लाइन में खड़े-खड़े मौत हो गई, अहमदाबाद, बैंगलोर, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता जैसे बड़े शहरों में होटल और ढाबे बंद हो रहे हैं, यहां तक कि अदालतों और छात्रावासों की कैंटीन तक बंद हो रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को कोई समस्या नजर नहीं आ रही।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग के लिए 25-25 दिन की तारीख मिल रही है और सिलेंडर 8000 रुपये तक ब्लैक में बिक रहा है। इसके बावजूद अगर आम आदमी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करती है तो कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि 14 मार्च को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के बाद उन्नाव में पार्टी कार्यकर्ता तुषार श्रीवास्तव सहित कई साथियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करना जनता का संवैधानिक अधिकार है और आम आदमी पार्टी इन मुकदमों से डरने वाली नहीं है।

विदेश नीति पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों के कारण देश को महंगा तेल और गैस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान से सस्ता तेल और गैस मिलना बंद कर दिया गया और अमेरिका से महंगा तेल खरीदा जा रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर भारी बोझ पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर देश को संकट में डाला और अब जनता इसकी कीमत चुका रही है।

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत देश की साख गिरने का संकेत है और आज स्थिति यह है कि डॉलर 93 रुपये के पार पहुंच गया है। यह वही बात है जो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता की जेब पर सीधा हमला हो रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं और जनता की आवाज को दबाने की कोशिश बंद की जाए।

उन्होंने जानकारी दी कि 23 मार्च से पार्टी की छात्रविंग एएसएपी द्वारा पूरे प्रदेश में शिक्षा और राजनीति के मुद्दों पर अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की शहादत दिवस से होगी।

प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदयेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश का युवा, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग आज पूरी तरह से परेशान है। युवाओं के हाथ में डिग्रियां हैं लेकिन रोजगार नहीं है, संविदा और हाउसहोल्ड कर्मचारी वर्षों से सम्मान और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर यह पदयात्रा निकाली जा रही है और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि पदयात्रा से जुड़ने के लिए 75000 40004 नंबर जारी किया गया है।

अंत में संजय सिंह ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि 3 से 9 अप्रैल तक चलने वाली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट नारा है—“रोजगार दो, नहीं तो 10 हजार दो”, और जब तक युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here