चुनावी रंजिश में भड़की हिंसा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में चुनावी रंजिश के चलते बड़ा बवाल सामने आया है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के काशीपुर मजरे हसनपुर कसार गांव में एक पक्ष ने ग्राम प्रधान के घर पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि करीब 100 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा
हमले के दौरान आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ALSO READ:अयोध्या में ‘श्री राम यंत्र’ स्थापना के पीछे क्या है आध्यात्मिक रहस्य? जानिए क्यों है यह इतना खास
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें से 5 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि ग्राम प्रधान सुमन देवी के पुत्र रवि सिंह को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।

मामूली विवाद बना बड़ा कारण
स्थानीय निवासी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत खेत में बकरी घुसने को लेकर हुई थी। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में समझौते के दौरान हिंसक झड़प में बदल गई। बताया जा रहा है कि पुरानी चुनावी रंजिश भी इस हमले की बड़ी वजह रही।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों—असलम, मोहम्मद इमरान, शेख कमरुद्दीन और गुफरान को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।






