उत्तर प्रदेश के बदायूँ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तीन नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। एक ही समय पर तीन बच्चों के गायब होने से पूरे मोहल्ले में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 काली बगिया का है। जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे खेलते-खेलते घर से बाहर निकले थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अब तक बच्चों के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
इधर बच्चों के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर तीनों बच्चे एक साथ कैसे और कहां गायब हो गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही बच्चों को सुरक्षित ढूंढ निकालने की उम्मीद जताई जा रही है।






