Home Crime जालौन में मंदिर में तोड़फोड़ से तनाव, आरोपी को भीड़ ने पीटा,...

जालौन में मंदिर में तोड़फोड़ से तनाव, आरोपी को भीड़ ने पीटा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

57
0

उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के कालपी रोड स्थित विवेकानंद कॉलोनी का है, जहां एक युवक ने मंदिर में घुसकर शिवलिंग और नंदी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक नालंदा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के सामने ही उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद लोगों ने कालपी रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि विधिवत पूजा-अर्चना के साथ जल्द ही नए शिवलिंग और नंदी की स्थापना कराई जाएगी। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here