लखनऊ के महानगर इलाके में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 22 मार्च को पुलिस ने मृतका की बहू और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ही हत्या की साजिश रच ली थी और इसे लूट का मामला दिखाने की योजना बनाई थी।
यह घटना निशातगंज इलाके की है, जहां 21 मार्च को 69 वर्षीय निर्मला देवी का शव उनके घर में मिला था। हत्या के बाद आरोपियों ने उनके जेवर उतारकर छिपा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। परिजनों ने भैंसाकुंड में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
घर में ही रची गई साजिश
निर्मला देवी अपने बेटे त्रिदेश वर्मा, बहू रंजना और बच्चों के साथ रहती थीं। उसी मकान के ऊपर के हिस्से में कई किराएदार भी रहते थे। इन्हीं में से एक किराएदार राजन शर्मा था, जो रंजना का प्रेमी बताया जा रहा है।
Also Read- तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, 2 की मौत, 4 घायल
पुलिस जांच में सामने आया कि राजन करीब तीन साल से उसी घर में किराए पर रह रहा था। कुछ समय बाद उसकी और रंजना की नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच संबंध बन गए। इस बात की जानकारी परिवार को भी हो गई थी, जिससे घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
पोते ने देखा दादी का शव
घटना वाले दिन घर में बहू और छोटी बेटी मौजूद थीं। शाम को जब पोता घर लौटा तो उसने देखा कि उसकी दादी के हाथ-पैर बंधे हुए हैं और वह बेहोश पड़ी हैं। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जांच में खुला राज
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड की मदद ली गई, जिसमें खोजी कुत्ता सीधे आरोपी प्रेमी राजन के पास जाकर रुक गया। इससे पुलिस का शक गहरा गया।
सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच कैमरे बंद थे। इसके बाद की फुटेज में बहू और उसका प्रेमी बाहर जाते दिखे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।
सास बनी थी रिश्ते में बाधा
पूछताछ में सामने आया कि निर्मला देवी दोनों के रिश्ते का विरोध करती थीं। इसी वजह से बहू रंजना उनसे नाराज रहती थी। तीन दिन पहले से ही उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की हत्या की योजना बना ली थी।
घटना वाले दिन रंजना ने सास को कमरे में बुलाया और राजन के साथ मिलकर उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद साड़ी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को लूट दिखाने के लिए जेवर भी छिपा दिए गए।
आरोपी का बैकग्राउंड
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजन पहले अंडर-16 स्तर का क्रिकेट खिलाड़ी रह चुका है, लेकिन आगे चयन न होने पर उसने खेल छोड़ दिया। वह अब कार चलाकर टैक्सी का काम करता था। पुलिस उसके पूरे बैकग्राउंड की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।






