उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना अभी शांत भी नहीं पड़ी थी कि अब शहर में एक और बड़ा हादसा हो गया।
साउथ मलाका में गिरी निर्माणाधीन मकान की छत
ताजा मामला साउथ मलाका का है, जहां एक निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी, बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त नीचे कई मजदूर काम कर रहे थे, जिससे उनके मलबे में दबने की आशंका है, अब तक दो मजदूरों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है और उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने में मदद कर रहे हैं, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे में कितने लोग फंसे हुए हैं, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन तेज़ी से जारी है।
अफरातफरी का माहौल
छत गिरते ही इलाके में अफरातफरी मच गई, आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और हर कोई बचाव कार्य में जुट गया, पुलिस और स्थानीय प्रशासन मिलकर स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
एक दिन पहले हुआ था बड़ा हादसा
गौरतलब है कि सोमवार को फाफामऊ में एक कोल्ड स्टोरेज के ढहने से बड़ा हादसा हुआ था, इस घटना में 4 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हुए थे, इस मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कई अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई भी की है।
कार्रवाई और जांच
कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह खुद मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए, प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर जिला उद्यान अधिकारी को निलंबित कर दिया गया, वहीं, पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है, प्रयागराज में एक के बाद एक हो रहे हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं, जहां एक ओर प्रशासन कार्रवाई की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐसे हादसे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं।






