Home Breaking News खेल सितारों से सजेगा लोकभवन, सीएम योगी आज करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान

खेल सितारों से सजेगा लोकभवन, सीएम योगी आज करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान

20
0

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज खेल प्रतिभाओं का बड़ा सम्मान समारोह आयोजित होने जा रहा है। लोक भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

सरकार की ‘मेडल लाओ और सम्मान पाओ’ पहल के तहत खिलाड़ियों को न केवल पुरस्कार दिए जाएंगे, बल्कि कई को सरकारी पदों पर नियुक्ति भी दी जाएगी। इस क्रम में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह को खेल विभाग में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (आरएसओ) के पद पर तैनात किया जाएगा। वहीं पैरालंपिक खिलाड़ी प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।

खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के अनुसार, वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 9 खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों में कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र के साथ 3.11 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी।

इसके साथ ही ओलंपिक, पैरालंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राजपत्रित अधिकारी के पदों पर नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे। पैरा एथलीट प्रगति केसरवानी को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

पुरस्कार पाने वालों में लक्ष्मण पुरस्कार के लिए गाजीपुर के उत्तम सिंह, प्रयागराज के जोन्टी कुमार और गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार के तहत सहारनपुर की तान्या चौधरी, बागपत की प्राची, गौतमबुद्ध नगर की वंतिका अग्रवाल, आगरा के यश कुमार सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मान मिलेगा।

इसके अलावा पैरा एथलेटिक्स और हॉकी में भी कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें गौतमबुद्ध नगर के प्रवीण कुमार, गाजियाबाद की सिमरन, मुजफ्फरनगर के प्रीतिपाल, इटावा के अनीत सिंह और गाजीपुर के राज कुमार पाल शामिल हैं। यह समारोह प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here