देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चार धाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से होने जा रहा है, जिसके लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक अवसर है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवभूमि पहुंचते हैं। उनके स्वागत और बेहतर अनुभव के लिए सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सड़कों के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, शौचालय और ठहरने की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्गों पर सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहें।
सीएम धामी ने बताया कि वर्ष 2025 में प्राकृतिक आपदाओं के चलते यात्रा डेढ़ महीने तक बाधित रही, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, वर्ष 2026 की यात्रा के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के अतिथि गृहों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है, जो यात्रा को लेकर बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा का सामना न करे और सभी को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव मिले। इसके लिए प्रशासन को लगातार सतर्क रहते हुए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों—जैसे होटल, ढाबा, टैक्सी और परिवहन सेवाओं के संचालकों—के साथ समन्वय स्थापित कर लिया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार के समन्वित प्रयासों से चार धाम यात्रा-2026 को और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा।






