लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम फैसला लेते हुए रूक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर की गई है, जिसे पार्टी के अंदर महिला संगठन को नई मजबूती देने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

रूक्मिणी देवी निषाद मूल रूप से जालौन जिले के ग्राम शेखपुर गुढ़ा का पुरवा, पोस्ट मंगरौल की निवासी हैं। पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश स्तर की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन के अलग-अलग मोर्चों को सक्रिय करने में जुटी है। महिला सभा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि रूक्मिणी देवी निषाद को संगठन विस्तार, महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और जमीनी स्तर पर सपा की नीतियों को मजबूत तरीके से पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। सपा के अंदर इस नियुक्ति को सामाजिक समीकरणों के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी लगातार पिछड़े और निषाद समाज के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने की कोशिश में है और इस नियुक्ति को उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रूक्मिणी देवी निषाद किस तरह महिला संगठन को सक्रिय करती हैं और आने वाले समय में पार्टी को इसका कितना राजनीतिक लाभ मिलता है।






