उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में भ्रमण किया और गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके साथ ही उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा करते हुए गोवंशों को स्नेहपूर्वक दुलारा और अपने हाथों से रोटी व गुड़ खिलाया।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर जनता दर्शन में पहुंचे।






