राजस्थान में एक सोशल मीडिया रील को लेकर विवाद सामने आया है। गायक छोटू सिंह रावणा ने एक बच्चे की मदद से जुड़ी रील पर टिप्पणी करते हुए लिखा था, “अगर आप कोई रील स्टार होते तो तमाम नेता आपकी मदद के लिए आगे आते।” इस टिप्पणी के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।
गायक का आरोप है कि शिव विधानसभा से विधायक रवींद्र सिंह भाटी की ओर से उन्हें फोन किया गया और उन्हें धमकी दी गई रावणा के मुताबिक, फोन पर उनसे कहा गया, “दो बार मैंने तुम्हें छोड़ दिया है, अब मैं तुम्हें ठीक कर दूंगा।”
छोटू सिंह रावणा ने इन आरोपों को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने इसे जान से मारने की धमकी बताते हुए अपनी चिंता जाहिर की है। हालांकि, इस पूरे मामले की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्षों की ओर से भी इस पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।






