Home Crime संदिग्ध परिस्थितियों में मिला पल्लेदार का शव, परिजनों ने युवक पर लगाया...

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला पल्लेदार का शव, परिजनों ने युवक पर लगाया साथ ले जाकर छोड़ने का आरोप

7
0

जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के मौखरी गांव निवासी एक पल्लेदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में झांसी-कानपुर हाईवे पर लहूलुहान अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने एक युवक पर साथ ले जाने के बाद छोड़ देने का आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय लोग इसे सड़क दुर्घटना की आशंका से जोड़कर देख रहे हैं।

बता दे कि उरई कोतवाली क्षेत्र के मौखरी गांव निवासी संतोष बाबू कुशवाहा (45) शुक्रवार को घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक उरई की गल्ला मंडी निवासी राजू नामक युवक शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बाइक से संतोष बाबू को अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद देर शाम लगभग 8 बजे पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना मिली कि झांसी-कानपुर हाईवे पर दाऊ प्लाजा के पास एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है।

ALSO READ:मिडिल ईस्ट तनाव का असर इंटरनेट पर, भारत में भी सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान संतोष बाबू कुशवाहा के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, संतोष बाबू को साथ ले जाने वाले युवक का देर रात तक कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिजनों की शंका और गहरा गई है।

मृतक के बेटे आर्यन ने आरोप लगाया है कि राजू उनके पिता को अपने साथ बाइक से लेकर गया था, लेकिन घटना के बाद उसका कोई पता नहीं चला। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि संतोष बाबू की मौत सड़क हादसे में हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

बताया गया है कि संतोष बाबू कुशवाहा पल्लेदारी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दो बेटों और एक बेटी सहित पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और साथ ले जाने वाले युवक की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here