कौशांबी जिले में एक कपड़ा व्यापारी से व्हाट्सएप के जरिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने अवैध हथियार की फोटो भेजकर एक हफ्ते के अंदर पैसे न देने पर सीने में गोली मारने की धमकी दी है। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे का है।
ALSO READ:2027 का टोन सेट! मायावती का सख्त संदेश, सपा-बीजेपी दोनों परेशान

दरअसल, कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे के रहने वाले प्रज्ज्वल केसरवानी रेलवे क्रॉसिंग के पास कपड़े की दुकान चलाते हैं। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक 30 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज में एक अवैध हथियार की फोटो भेजते हुए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही धमकी दी गई कि अगर एक हफ्ते के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें सीने पर गोली मार दी जाएगी। धमकी मिलने के बाद व्यापारी ने तुरंत कोखराज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 31 मार्च को पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। और आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।






