Home Breaking News मथुरा से नेपाल जा रहे एलपीजी टैंकर में रिसाव,16 घंटे बाद बहाल...

मथुरा से नेपाल जा रहे एलपीजी टैंकर में रिसाव,16 घंटे बाद बहाल हुआ हाईवे यातायात

25
0

बाराबंकी। अयोध्या-लखनऊ नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब मथुरा से नेपाल जा रहा करीब 18 टन एलपीजी से भरा टैंकर अचानक गैस रिसाव का शिकार हो गया। यह घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के असैनी मोड़ के पास हुई, जिसके चलते हाईवे पर दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को लगाया गया और राहत व बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे के दोनों ओर दूर तक वाहनों को रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया।

करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लखनऊ से कंपनी के विशेषज्ञ अधिकारियों को बुलाया गया। उनकी निगरानी में रिसाव कर रहे टैंकर से एलपीजी को सुरक्षित रूप से खाली टैंकरों में शिफ्ट किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू पाया गया।

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए प्रशासन ने शहर की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया, जबकि बाराबंकी की तरफ आने-जाने वाले वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया।

राहत कार्य पूरा होने और टैंकर को हटाए जाने के बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में अफवाहों से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here