हरियाणा की अभिनेत्री Anjali Raghav और भोजपुरी सिंगर-एक्टर Pawan Singh के बीच चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। अंजलि राघव ने हरियाणा राज्य महिला आयोग के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा और पवन सिंह को उनकी गलती के लिए माफ कर दिया है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने बताया कि दोनों के बीच अब मामला सुलझ चुका है। पवन सिंह ने माफी मांगी थी, जिसे अंजलि ने स्वीकार कर लिया। हालांकि, इस मामले में अभी पूरी तरह से कार्रवाई खत्म नहीं हुई है।रेणु भाटिया ने कहा कि जांच के दौरान तीन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जो कथित तौर पर पवन सिंह की पीआर टीम से जुड़े हैं। अंजलि राघव का आरोप है कि ये लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे और बदनाम करने की धमकी दे रहे थे। आयोग ने इन तीनों के खिलाफ समन जारी कर दिया है और उनसे जवाब मांगा है।
अध्यक्ष ने साफ कहा कि आयोग का मकसद सिर्फ एक व्यक्ति को न्याय दिलाना नहीं है, बल्कि हर महिला और लड़की को सुरक्षा और न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई महिला कामकाजी हो या गृहिणी, उसके साथ किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस मामले में एक और नाम सामने आया है, जिसे लेकर सवाल उठे थे। इस पर रेणु भाटिया ने कहा कि संबंधित व्यक्ति समन पर पेश नहीं हुए, लेकिन उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत ले ली है। आयोग का कहना है कि जब तक उनसे सीधे बातचीत नहीं हो जाती, तब तक कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read- हनुमान टेकरी धाम में मेले के दौरान विवाद, ट्रस्ट ने झूलों पर लगाया प्रतिबंध
दरअसल, यह पूरा मामला पिछले साल लखनऊ में हुए एक स्टेज शो के बाद शुरू हुआ था। आरोप है कि उस दौरान कुछ लोगों ने अंजलि राघव के वीडियो और तस्वीरों को गलत तरीके से सोशल मीडिया पर फैलाया। इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
अंजलि राघव ने पहले भी मीडिया से बातचीत में कहा था कि इस मामले में पवन सिंह की सीधी भूमिका नहीं है, बल्कि उनकी टीम के कुछ लोगों ने यह सब किया। उनका कहना था कि कुछ लोगों ने उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें परेशान करने की कोशिश की।
उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद पवन सिंह ने उनसे माफी मांगी थी और उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया। लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम के कुछ सदस्य लगातार गलत हरकतें करते रहे। पहले उन्हें उन लोगों के नाम नहीं पता थे, लेकिन बाद में यह स्पष्ट हुआ कि वे पवन सिंह की टीम से जुड़े हुए हैं।
फिलहाल, यह मामला भले ही दोनों कलाकारों के बीच सुलझ गया हो, लेकिन महिला आयोग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। आयोग का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।






