आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच अब मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं ने राघव चड्ढा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को ठीक से नहीं उठाया। इन आरोपों के बाद अब राघव चड्ढा ने खुद सामने आकर वीडियो जारी करते हुए अपनी बात रखी है।
वीडियो के जरिए दिया जवाब
राघव चड्ढा ने अपने वीडियो में कहा कि आम आदमी पार्टी के कुछ साथियों को यह कहने के लिए मजबूर होना पड़ा कि उन्होंने पंजाब के मुद्दे संसद में नहीं उठाए। इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि यह वीडियो सिर्फ एक ‘ट्रेलर’ है और असली ‘पिक्चर’ अभी बाकी है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि पंजाब उनके लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं, बल्कि उनका घर, उनकी जिम्मेदारी और उनकी पहचान है। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह हमेशा पंजाब के लोगों के हित में आवाज उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे।
किन-किन मुद्दों का किया जिक्र?
वीडियो में राघव चड्ढा ने उन सभी मुद्दों का जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने संसद में उठाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने करतारपुर साहिब और ननकाना साहिब के लिए कॉरिडोर की बात की। इसके अलावा किसानों के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की मांग, पंजाब में चलने वाली कैंसर ट्रेन और दिल्ली समेत उत्तर भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया।उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने एमएसपी को कानूनी गारंटी देने की मांग भी की है। साथ ही पंजाब में पानी की कमी, गिरते भूजल स्तर, किसानों की समस्याएं और राज्य के विकास से जुड़े कई मुद्दों को भी संसद में रखा।
Also Read-इजराइल में पूरी तरह सुरक्षित हैं यूपी के 6000 से अधिक श्रमिक, सम्पर्क मे योगी सरकार
राघव चड्ढा ने शहीद भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग, नदियों के पुनरुद्धार, जल संकट और पंजाब के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर भी अपनी आवाज उठाई।
विकास और सुविधाओं पर भी जोर
उन्होंने वीडियो में यह भी बताया कि उन्होंने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा बढ़ाने, राज्य के लिए ज्यादा फंड जारी करने और आनंदपुर साहिब को हेरिटेज सिटी बनाने की मांग भी की है। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब के विकास के लिए सहयोग की अपील की।
AAP ने की आलोचना
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने भी राघव चड्ढा की आलोचना की है। पार्टी का कहना है कि संसद में पंजाब के मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता उतनी नहीं रही, जितनी अपेक्षित थी। पार्टी ने उनकी ‘निष्क्रियता’ को अपने सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
बढ़ सकता है विवाद
इस पूरे घटनाक्रम के बाद यह साफ है कि राघव चड्ढा और पार्टी के बीच दूरी बढ़ रही है। हालांकि राघव चड्ढा ने अपने वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि वह लगातार पंजाब के मुद्दों को उठाते रहे हैं।
अब देखना होगा कि पार्टी और राघव चड्ढा के बीच यह मतभेद आगे और बढ़ता है या फिर इसे सुलझाने की कोशिश की जाती है। फिलहाल यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।






