उत्तर प्रदेश की राजनीति में क्या कोई बड़ा राजनीतिक भूचाल आने वाला है? क्या योगी आदित्यनाथ बीजेपी से अलग होकर अपनी नई पार्टी बना सकते हैं? और अगर ऐसा हुआ तो क्या देश की राजनीति की दिशा ही बदल जाएगी? ये सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत के एक बयान ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
ALSO READ महापुरुषों की विरासत पर सियासत तेज, दलित वोट बैंक पर BJP, SP, BSP और कांग्रेस की नजर

डॉ. राज शेखावत ने योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि योगी अपनी एक नई और मजबूत राष्ट्रवादी पार्टी का गठन करें। उन्होंने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ऐसा कदम उठाते हैं तो सामान्य वर्ग की छोटी-छोटी पार्टियां, कई सामाजिक संगठन और सनातन धर्म में विश्वास रखने वाले समूह एक मंच पर आकर उनका समर्थन करेंगे। राज शेखावत ने अपने X अकाउंट पर लिखा कि उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए हम माननीय योगी आदित्यनाथ से निवेदन करते हैं कि वे राष्ट्रहित में एक नई सशक्त राजनीतिक पार्टी बनाएं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर योगी नई पार्टी बनाते हैं तो उनकी करणी सेना सहित कई संगठन अपनी राजनीतिक पहचान का विलय कर योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने को तैयार हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की राजनीति में एक नया राष्ट्रवादी विकल्प पेश कर सकता है। उनके अनुसार योगी आदित्यनाथ की छवि एक सख्त प्रशासक और सनातन धर्म के मजबूत समर्थक की है, जिसकी वजह से समाज के कई वर्ग उनके साथ खड़े हो सकते हैं। राज शेखावत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।

कुछ लोग खुलकर समर्थन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर योगी आदित्यनाथ अपनी अलग पार्टी बना लेते हैं तो वह राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। वहीं कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि योगी की लोकप्रियता उन्हें दिल्ली की राजनीति तक पहुंचा सकती है। हालांकि अभी तक योगी आदित्यनाथ या बीजेपी की तरफ से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इतना तय है कि इस बयान ने सियासी चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है – क्या योगी आदित्यनाथ कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेने वाले हैं या फिर यह सिर्फ समर्थकों की राजनीतिक इच्छा भर है? आने वाले समय में इसका जवाब जरूर मिलेगा।






