उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्लान बनाया है, जिसकी शुरुआत मुरादाबाद से की जा रही है। मुरादाबाद में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम के दौरान AIMIM के प्रदेश प्रवक्ता और जिले के प्रभारी शादाब चौहान ने सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि पार्टी तेजी से उत्तर प्रदेश में अपना आधार मजबूत कर रही है और मुरादाबाद इस अभियान का पहला केंद्र बनाया गया है।

सदस्यता अभियान पर फोकस
शादाब चौहान ने बताया कि AIMIM ने अगले एक महीने में 1 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। साथ ही करीब 5000 सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी। इसके बाद दो महीने के भीतर बूथ स्तर तक पार्टी की कमेटियां बना दी जाएंगी ताकि चुनाव से पहले संगठन पूरी तरह सक्रिय हो सके।
सपा और बीजेपी पर साधा निशाना
इस दौरान AIMIM नेता ने समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2012 से लेकर अब तक की सरकारों में मुसलमानों को अपेक्षित न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान व्यापार प्रभावित हुआ और कई घटनाओं की वजह से असुरक्षा की भावना भी बढ़ी। उन्होंने यह भी कहा कि अब जनता इन मुद्दों को समझ रही है और एक नए विकल्प की तलाश में है। AIMIM खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश कर रही है और पंचायत से लेकर नगर निकाय और 2027 के विधानसभा चुनाव तक पूरी ताकत से मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। शादाब चौहान ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनसमर्थन तेजी से बढ़ रहा है और मुरादाबाद में भी लोगों का रुझान AIMIM और असदुद्दीन ओवैसी की ओर दिखाई दे रहा है।






