समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के पद से रिटायर हों, लेकिन अब हालात ऐसे बन रहे हैं कि वे राज्यसभा सदस्य के रूप में ही राजनीतिक पारी खत्म करेंगे। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार और उनके समर्थकों के साथ बड़ा राजनीतिक धोखा हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जहां बीजेपी है, वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा है, वहीं PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) है।”अखिलेश यादव ने आगे कहा कि वे राजस्थान में PDA की राजनीति को मजबूत करने आए हैं और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश करेंगे।
बीजेपी के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता अपने पुराने वादों की तरफ कभी नहीं देखते। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में किसानों की वास्तविक आय का आकलन करना जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने “डबल इंजन सरकार” पर भी सवाल उठाए और कहा कि दोनों इंजन विकास को गति देने के बजाय आपस में टकराते नजर आते हैं। विदेश नीति को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की और कहा कि भारत को “विश्वगुरु” बनाने के दावे सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रह गए हैं।






