चारधाम यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सभी विभागों के साथ हाई-लेवल समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर भी सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
बैठक में सुरक्षा, सड़क, पेयजल, परिवहन, हेली सेवाओं और आपदा प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार ने साफ किया है कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मुख्यमंत्री धामी ने सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि तय समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सरकार ने खास रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने अपील की है कि श्रद्धालु यात्रा के शुरुआती दिनों में अत्यधिक भीड़ से बचें और बाद में यात्रा की योजना बनाएं, जिससे बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई सख्त सीमा नहीं रखी जाएगी। साथ ही साइबर ठगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में राज्य को कई बड़ी परियोजनाएं मिली हैं। आगामी समय में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से राज्य को बड़ी कनेक्टिविटी सुविधा मिलेगी। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच सफर और भी तेज और आसान हो जाएगा इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, एम्स जैसी सुविधाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है।






