लखीमपुर खीरी में मुख्यमंत्री कल एक बड़े कार्यक्रम के तहत विकास और पुनर्वास से जुड़े कई अहम कदम उठाने जा रहे हैं। आजादी के बाद से अब तक बांग्लादेश से विस्थापित होकर आए 331 हिंदू परिवारों को पहली बार जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। मुख्यमंत्री इन परिवारों को भूमिधारी अधिकार पत्र सौंपेंगे, जिससे दशकों पुरानी मांग पूरी होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जिले के धौरहरा और मोहम्मदी क्षेत्रों में करीब 417 करोड़ रुपये की 213 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे, सड़कों और अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया है।वहीं, चंदन चौकी पलिया में थारू जनजाति के 4556 परिवारों को भी भौमिक अधिकार पत्र वितरित किए जाएंगे, जो उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।इसके अलावा पलिया, श्रीनगर, निघासन और गोला क्षेत्रों में करीब 817 करोड़ रुपये की 314 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल है।इस तरह मुख्यमंत्री का यह दौरा एक ओर जहां विस्थापित और जनजातीय परिवारों को अधिकार देने वाला साबित होगा, वहीं दूसरी ओर जिले में विकास की रफ्तार को भी तेज करने का काम करेगा।






