लखनऊ में इन दिनों उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में बीजेपी का अंदरूनी मंथन है। मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन की नई टीम को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज शाम 4 बजे यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें संभावित फेरबदल और संगठनात्मक बदलावों को लेकर चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी आलाकमान भी यूपी की सियासी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े कल लखनऊ दौरे पर आ रहे हैं। अपने दौरे के दौरान तावड़े प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में आगामी चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार में संभावित विस्तार को लेकर मंथन होने की संभावना जताई जा रही है। खास तौर पर मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है।
ALSO READ:लखनऊ में 13 अप्रैल को ‘पिछड़ा वर्ग अधिकार सम्मेलन’, सांसद चंद्रशेखर आजाद होंगे शामिल

वहीं, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी कल देर शाम दिल्ली भी रवाना हो सकते हैं, जहां उनकी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात संभव है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद ही प्रदेश में संगठन और सरकार दोनों स्तर पर बड़े फैसलों की तस्वीर साफ हो सकती है। कुल मिलाकर, लखनऊ से दिल्ली तक चल रही इन बैठकों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि यूपी बीजेपी में जल्द ही कुछ बड़ा देखने को मिल सकता है।






