बिहार विधानसभा चुनाव में भोजपुरी गायक कलाकार खेसारी लाल यादव छपरा विधानसभा सीट से RJD के टिकट से मैदान में हैं। 17 अक्टूबर को खेसारी लाल यादव ने अपना नामांकन भरा। उनके द्वारा दिए हलफनामे में उनकी संपत्ति का ब्यौरा सामने आया है। खेसारी लाल यादव के हलफनामे के मुताबिक उनके पास 24 करोड़ की संपत्ति है।
खेसारी लाल यादव के चुनावी हलफनामे में खुलासा: 16.89 करोड़ की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ की अचल संपत्ति
चुनावी हलफनामे के मुताबिक खेसारी लाल के पास 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां है। इसके अलावा 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां है। उनकी पत्नी चंदा यादव की बात करें तो उनके पास 90.02 लाख रुपये की चल संपत्ति और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति हैं। वहीं खेसारी के पास 3 करोड़ की एक लग्जरी गाड़ी है। इसके अलावा खेसारी के पास 5 लाख रुपये और पत्नी के पास 2 लाख रुपये कैश हैं।
खेसारी लाल ज्वैलरी के भी शौकीन हैं। उनके पास 35 लाख रुपये की सोने की ज्वैलरी भी है। फिलहाल चुनावी रण में उतरे खेसारी लाल यादव का कहना है कि वो राजनीति में कुछ कमाने नहीं बल्कि बदलाव के लिए उतरे हैं। लेकिन उनकी इस मंशा को जनता का कितना साथ मिलता है वो 14 नवंबर को ही पता चलेगा जब बिहार चुनाव के नतीजे आएंगे। बता दें कि बिहार में वोटिंग 6 और 11 नवंबर को होगी।





