लखनऊ आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। यह पर्व इस वर्ष 26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2025 तक मनाया जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य जिलों में भी छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश के प्रमुख जनपदों में होगी विशेष निगरानी
छठ पूजा का आयोजन मुख्य रूप से वाराणसी, चंदौली, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, खीरी, हापुड़, मिर्जापुर, भदोही, गाजीपुर, देवरिया, प्रयागराज, लखनऊ, गाजियाबाद, सोनभद्र, जौनपुर, मऊ, कुशीनगर, अयोध्या, उन्नाव और गौतमबुद्धनगर जैसे जनपदों में किया जाता है। इन सभी जिलों में विशेष सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
व्यापक दिशा-निर्देश और बल की तैनाती
मुख्यालय स्तर से सभी जोन और रेंज कार्यालयों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी, एसडीआरएफ और केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीएपीएएफ) की भी तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
विशेष बल की तैनाती
कुल 22 जनपदों में सुरक्षा प्रबंध को देखते हुए
06 कम्पनियां पीएसी
02 प्लाटून
03 टीम एसडीआरएफ
05 कम्पनियां आरएएफ
तैनात की गई हैं। यह बल घाटों, पूजा स्थलों और प्रमुख मार्गों पर मुस्तैद रहेंगे।
यातायात और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान
छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष पुलिस बल लगाया गया है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस पिकेट, बैरियर और ट्रैफिक कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
यूपी 112 को मिले विशेष निर्देश
राज्य की आपातकालीन सेवा UP 112 को भी छठ पूजा के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों और सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है। घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला पुलिस की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं का प्रबंध
प्रशासन द्वारा नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों पर पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों और राहतकर्मियों की टीमें भी तैनात की गई हैं।
उद्देश्य – सुरक्षित और शांतिपूर्ण पर्व
मुख्यालय स्तर पर किए गए इन व्यापक प्रबंधों का उद्देश्य है कि छठ पूजा का पर्व पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण, श्रद्धापूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो। पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस दिशा में सभी स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।



