बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बुधवार (29 अक्टूबर) को सीवान के रघुनाथपुर में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए के समर्थन में जोरदार जनसभा की। इस दौरान उन्होंने आरजेडी उम्मीदवार पर तंज कसते हुए कहा कि, “मुझे आश्चर्य हुआ जब रघुनाथपुर आया… आरजेडी ने यहां से ऐसा उम्मीदवार दिया है, जिसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि आपराधिक गतिविधियों से भरी रही है जो सिर्फ बिहार नहीं, पूरे देश और दुनिया में कुख्यात रहा है।”
“नाम भी वैसा, काम भी वैसा”
योगी ने कटाक्ष भरे अंदाज़ में कहा, “नाम भी देखो न… जैसा नाम, वैसा काम! यूपी में हमने अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है, और अब बिहार में भी यही नीति लागू होनी चाहिए।”उन्होंने आगे कहा कि आरजेडी और उसके सहयोगी राम मंदिर के विरोधी हैं।
Also Read-यूपी के गन्ना किसानों को योगी सरकार का तोहफा, गन्ना मूल्य में हुई बंपर बढ़ोतरी
“राम भक्तों पर गोलियां चलाती है समाजवादी पार्टी”
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा “आरजेडी ने राम मंदिर के रथ को रोकने का पाप किया था, और यूपी में समाजवादी पार्टी राम भक्तों पर गोलियां चलाती थी। जब भी इन पार्टियों को मौका मिला, इन्होंने युवाओं की पहचान पर संकट खड़ा किया। लेकिन आज डबल इंजन की सरकार ने बिहार और यूपी दोनों की पहचान को गर्व से ऊँचा किया है।”
“राम जानकी मार्ग से अयोध्या जुड़ेगा सीतामढ़ी से”
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा “हमने 6,100 करोड़ रुपये की लागत से ‘राम जानकी मार्ग’ का निर्माण युद्धस्तर पर शुरू किया है, जो अयोध्या धाम को सीधे सीतामढ़ी से जोड़ेगा।”
उन्होंने गर्व से कहा “आज बिहार में एयरपोर्ट हैं, मेडिकल कॉलेज हैं, इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, गरीबों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार, नीतीश कुमार के नेतृत्व में, अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है… और जो बच जाता है, उसे यूपी का बुलडोज़र पूरा कर देता है!”



