कोहरे का मौसम शुरू होते ही उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रात में विशेष चेकिंग अभियान
आरटीई और आरटीओ इंफोर्समेंट की टीमें मैदानी क्षेत्रों सहित विकासनगर में रात के समय विशेष चेकिंग अभियान चला रही हैं, इस दौरान उन गुड्स वाहनों को रोका जा रहा है जिनकी लाइट खराब या बंद पाई जा रही है, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।
चालकों को किया जा रहा जागरूक
परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है, चेकिंग के दौरान वाहनों पर मौके पर ही रिफ्लेक्टिव टेप लगवाए जा रहे हैं, जिससे कोहरे और अंधेरे में वाहन आसानी से दिखाई दें।
शुगर मिलों में विशेष व्यवस्था
गन्ना ढोने वाले वाहनों में लदान के कारण पीछे की लाइट दिखाई न देने की समस्या को ध्यान में रखते हुए डोईवाला, उत्तम और इकबालपुर शुगर मिलों में विशेष रिफ्लेक्टिव कपड़ा लगाया जा रहा है, इससे भारी वाहनों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
साइकिल चालकों की सुरक्षा पर भी ध्यान
आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि हरिद्वार जिले में फैक्ट्री कर्मचारियों की साइकिलों पर भी आगे और पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाई जा रही है, यह कदम विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए उठाया गया है जो रात या सुबह कोहरे में साइकिल से आवागमन करते हैं।
दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में बड़ा कदम
परिवहन विभाग का यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और आम लोगों की जान बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें और कोहरे के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें।






