मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक, दो शिफ्टों में चलेगा टूर
लखनऊ। राजधानी में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। डबल डेकर ई-बस के माध्यम से प्रस्तावित “लखनऊ दर्शन टूर” के सफल और सुचारु संचालन को लेकर शुक्रवार को मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 7 जनवरी 2026 से टूर शुरू करने को लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
हेरिटेज स्थलों का कराया जाएगा विशेष भ्रमण
बैठक में तय किया गया कि डबल डेकर ई-बस के माध्यम से पर्यटकों को लखनऊ के प्रमुख ऐतिहासिक एवं हेरिटेज स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यह टूर पर्यटकों को शहर की विरासत, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
प्रातः और सायं दो शिफ्टों में चलेगी डबल डेकर ई-बस
एमडी, यूपी स्टेट टूरिज्म ने जानकारी दी कि “लखनऊ दर्शन टूर” के तहत डबल डेकर ई-बस की दो शिफ्ट प्रस्तावित हैं। पहली शिफ्ट प्रातः 08:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट सायं 04:00 बजे से 07:00 बजे तक संचालित होगी।
एक डबल डेकर ई-बस में चालक सहित कुल 66 पर्यटक एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
3 जनवरी को होगा डबल डेकर ई-बस का मॉक ट्रायल
टूर के सुचारु संचालन से पूर्व 3 जनवरी 2026 को डबल डेकर ई-बस का मॉक ट्रायल भी कराया जाएगा, ताकि रूट, समय-सारिणी और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा सके।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने निर्देश दिए कि बस में यात्रियों की सुविधा के लिए अनुभवी गाइड की व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा उपाय अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही पिकअप और ड्रॉप पॉइंट्स पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश एलडीए और नगर निगम को दिए गए।
वाहनों की फिटनेस और चार्जिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
मण्डलायुक्त ने यूपी स्टेट टूरिज्म को निर्देशित किया कि डबल डेकर ई-बस की उपलब्धता, पार्किंग और चार्जिंग सुविधा, चालक व किराया वसूली एजेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उत्तर प्रदेश मोटर वाहन नियमों के अनुरूप वाहनों का नियमित रखरखाव, फिटनेस प्रमाणन, प्रदूषण जांच और बीमा की प्रक्रिया पूरी की जाए।
पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल
मण्डलायुक्त ने कहा कि “लखनऊ दर्शन टूर” न केवल शहर की पर्यटन क्षमता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी की जाएं, ताकि टूर संचालन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में एमडी यूपी स्टेट टूरिज्म, सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण, अपर नगर आयुक्त, परिवहन विभाग, पर्यटन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



