नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की।

बैठक में उत्तराखण्ड राज्य में संचालित एवं प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर उत्तराखण्ड की सड़क परियोजनाओं को लेकर एक विस्तृत वीडियो प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें राज्य में हो रहे अवसंरचनात्मक विकास की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सड़क अवसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे पहाड़ी और सीमावर्ती राज्यों में कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है।
चारधाम महामार्ग परियोजना पर तेज़ी से कार्य
बैठक में बताया गया कि ₹12,769 करोड़ की लागत से संचालित चारधाम महामार्ग परियोजना पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी राज्य के लिए महत्वपूर्ण है।
उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार
वर्तमान में उत्तराखण्ड में 3,723 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित किया जा चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा डिज़ाइन किए गए 597 किलोमीटर मार्गों में से 336 किलोमीटर मार्ग पूर्ण किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, हल्द्वानी सहित कई प्रमुख शहरों को चौड़ी और आधुनिक सड़कों से जोड़ा गया है।



