Home Uttar Pradesh जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

44
0

मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई द्वितीय बैठक

लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की द्वितीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा की गई और इसे समयबद्ध व डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए।

मई–जून 2026 में होगा पहला चरण का क्षेत्रीय कार्य

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण, यानी हाउस लिस्टिंग एवं आवास जनगणना (HLO) का क्षेत्रीय कार्य मई–जून 2026 के दौरान प्रस्तावित है। इसके लिए सभी जिलों को अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

क्षेत्राधिकार में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं होगा

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक किसी भी प्रशासनिक इकाई के क्षेत्राधिकार में कोई भी परिवर्तन नहीं किया जाएगा, ताकि जनगणना प्रक्रिया बिना बाधा पूरी की जा सके।

छह लाख कार्मिकों की होगी तैनाती

जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रदेश भर में लगभग 6 लाख कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए विभागवार कार्मिकों की पहचान और प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना-2027

बैठक में यह भी बताया गया कि जनगणना-2027 का संपूर्ण संचालन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। डेटा संग्रह, निगरानी और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

समन्वय और समयबद्धता पर दिया गया जोर

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here