बरेली के थाना भमोरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनकी कार से 11 किलो अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि 5 जनवरी को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि झारखंड से कुछ तस्कर अफीम लेकर बरेली के अलीगंज क्षेत्र में बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर भमोरा थाना पुलिस के साथ मिलकर रंपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी की गई।
जांच के दौरान एक काली आई-20 कार को रोका गया। कार में सवार कंडे मुंडा निवासी खूंटी (झारखंड) और बल्का मुंडा निवासी रांची को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार के बोनट से 11 किलो अफीम बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के पहाड़ी इलाकों में अफीम की खेती करते थे और उसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए बरेली लाते थे। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।





