Home Crime पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

106
0

उन्नाव जनपद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला और बच्चों पर चाकू से हमला करने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को मौके से ही दबोच लिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

यह मुठभेड़ अजगैन थाना क्षेत्र के ऊसरा मोड़, अजगैन-मोहन मार्ग पर हुई। पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, उसके दो अन्य साथी भागने की कोशिश के दौरान मौके से ही गिरफ्तार कर लिए गए।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विकास गुप्ता, लक्ष्मीनारायण और संजय के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि 3 जनवरी को अजगैन थाना क्षेत्र के जमालपुर मढ़ी गांव में बकरी हटाने के विवाद को लेकर उन्होंने महिला और बच्चों पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे।

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से— एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस,घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल
बरामद की है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी नवाबगंज भेजा गया है। अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाशों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद चौरसिया ने बताया कि चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दो को गिरफ्तार कर लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here