आठ बार के विधायक और सूबे की सरकार में मंत्री रहे विजय सिंह गोंड का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से प्रदेश भर में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। विजय सिंह गोंड सोनभद्र जिले की दुद्धी सुरक्षित विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक थे। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और राजधानी लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल में भर्ती थे, जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों के अनुसार, विधायक विजय सिंह गोंड की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब थी। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन आज सुबह उनके निधन की सूचना सामने आई। विजय सिंह गोंड के निधन को समाजवादी पार्टी के लिए एक बड़ा राजनीतिक और संगठनात्मक झटका माना जा रहा है। हाल ही में सपा के एक और विधायक सुधाकर सिंह की भी हार्ट अटैक से मौत हुई थी।
सपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विजय सिंह गोंड के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में विधायक के निधन की खबर फैलते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है। विजय सिंह की पहचान एक जमीनी नेता और क्षेत्र की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में थी।





