अमेठी जिले की जगदीशपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेश पासी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक सुरेश पासी मुस्लिम समुदाय को लेकर बेहद विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में भाजपा विधायक सुरेश पासी साफ तौर पर कहते दिख रहे हैं कि उन्हें मुस्लिम वोटरों की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कभी मस्जिद नहीं जाते हैं और न ही कभी जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि वे मुस्लिम समुदाय के घर वोट मांगने भी नहीं जाते हैं।
विधायक सुरेश पासी ने अपने बयान में यह भी कहा कि वे मुस्लिम समुदाय के लोगों के सुख-दुख, जीने-मरने के कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं होते हैं। कैमरे के सामने दिए गए इस बयान में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “मुझे मुसलमानों के वोट की जरूरत नहीं है।”
गौरतलब है कि सुरेश पासी अमेठी जिले की जगदीशपुर सुरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर दूसरी बार विधायक हैं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
फिलहाल इस मामले में भाजपा संगठन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज होने के आसार हैं।





