उत्तर प्रदेश के गोंडा में गुरुवार को सियासत और शक्ति का ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने पूरे जिले का माहौल बदल दिया। बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 69वें जन्मदिन पर गोंडा की सड़कों पर उनका जबरदस्त सियासी दबदबा देखने को मिला। सुबह से ही समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा। बृजभूषण शरण सिंह जब 100 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ नंदनीनगर से क्षेत्र भ्रमण पर निकले, तो हर चौराहा, हर सड़क जश्न में डूब गई। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज, तो कहीं ‘दबदबा’ गानों पर झूमते समर्थक—हर तरफ उत्साह और जोश नजर आया।

कई स्थानों पर बुलडोजर और जेसीबी से फूलों की बारिश की गई, जिसने पूरे जुलूस को शक्ति प्रदर्शन में तब्दील कर दिया। खासतौर पर युवाओं में बृजभूषण शरण सिंह को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। जन्मदिन के अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या पहुंचकर दर्शन पूजन भी किया ।
रामनगरी से लेकर गोंडा तक उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही, जो उनके सियासी प्रभाव और जनाधार को दर्शाती है। इस मौके पर उन्हें महंगे और अनोखे तोहफे भी भेंट किए गए। हरियाणा के एक दंपत्ति ने लंदन से आया करीब 2.5 करोड़ रुपये का घोड़ा उपहार में दिया, जो पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा। जबकि अन्य समर्थकों ने कई उपहार देकर जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम में अयोध्या से आये आचार्य, साधु-संतों के साथ-साथ हजारों समर्थक मौजूद रहे।
हर तरफ बृजभूषण सिंह को बधाई देनेवालो का ताँता लगा रहा और पूरा नंदनीनगर क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कुल मिलाकर, गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह का यह जन्मदिन केवल एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि सियासी ताकत, लोकप्रियता और प्रभाव का खुला प्रदर्शन बनकर सामने आया। अब सियासी गलियारों में यही चर्चा है कि— क्या यह शक्ति प्रदर्शन आने वाले राजनीतिक संकेतों की ओर इशारा करता है?





