रामपुर जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म खान की तबीयत खराब बताई जा रही है। जेल में बंद आज़म खान से मिलने के लिए उनके परिवार के सदस्य गुरुवार को जिला कारागार पहुंचे, जहां जेल नियमों के तहत मुलाकात कराई गई।

समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान आज़म खान का राजनीतिक प्रभाव बेहद मजबूत था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद उनके खिलाफ कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती चली गईं। वर्तमान में आज़म खान दो पैन कार्ड मामले में सात-सात साल की सजा काट रहे हैं और अपने बेटे अब्दुल्ला आज़म के साथ रामपुर जिला कारागार में निरुद्ध हैं।
आज़म खान से मिलने के लिए उनकी पत्नी तंज़ीम फातिमा, बहन और बेटे अदीब आज़म जेल पहुंचे। जेल प्रशासन द्वारा तय नियमों के तहत करीब एक घंटे तक मुलाकात कराई गई। मुलाकात के बाद तीनों लोग जेल से बाहर निकले।
जेल से बाहर आने के बाद आज़म खान की पत्नी तंज़ीम फातिमा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके पति की तबीयत ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि आज़म खान को खांसी और बुखार है और उन्हें ठंडी जमीन पर लेटना पड़ रहा है, जिससे ठंड भी लग रही है।
तंज़ीम फातिमा ने आरोप लगाया कि जेल में मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि लेटने के लिए बिस्तर तक उपलब्ध नहीं कराया गया है, जबकि स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।


