रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन अवसर पर कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है। उन्होंने कहा कि यह ईवी निर्माण इकाई उत्तर प्रदेश को स्वच्छ, हरित परिवहन और भविष्य की तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह मैन्युफैक्चरिंग यूनिट न केवल प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार और ईवी तकनीक से जुड़ा स्किल डेवलपमेंट भी प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य तय किया गया है, उसकी मजबूत नींव उत्तर प्रदेश में रखी जा रही है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जिसे कभी बीमारू राज्य कहा जाता था और जो अपराध व अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, आज औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई और निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण बना।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश आर्थिक विकास का पर्याय बन चुका है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। फॉर्च्यून-500 कंपनियों का प्रदेश की ओर रुझान इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश अब उद्योगों के लिए भरोसेमंद राज्य बन चुका है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि जिस परियोजना को पूरा करने में 60 महीने का समय अनुमानित था, उसे रिकॉर्ड 18 महीनों में पूरा किया गया। इसके लिए उन्होंने हिंदुजा ग्रुप, अशोक लेलैंड और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य का परिवहन हैं और आने वाले वर्षों में पेट्रोलियम आधारित वाहनों की संख्या में कमी आएगी। ऐसे में उत्तर प्रदेश में स्थापित यह ईवी यूनिट प्रदेश और देश—दोनों को स्वच्छ, हरित और तकनीकी रूप से सक्षम परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाएगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में डबल इंजन की सरकार द्वारा विकसित सड़क और आधारभूत संरचना ने औद्योगिक विकास के लिए मजबूत आधार तैयार किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस यूनिट के माध्यम से लाखों युवाओं का स्किल डेवलपमेंट होगा और वे भविष्य में रोजगार व बेहतर आय के लिए तैयार होंगे। भारत जिस गति से आर्थिक प्रगति कर रहा है, वह दिन दूर नहीं जब देश विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।





