Home राज्य स्मार्ट मीटर सिस्टम फेल, उपभोक्ताओं पर बिजली विभाग की मार

स्मार्ट मीटर सिस्टम फेल, उपभोक्ताओं पर बिजली विभाग की मार

157
0

महीनों से नहीं आ रहा बिल अपडेट, 10 गुना तक थमाए जा रहे गलत बिल

लखनऊ। लखनऊ में लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। शहर के कई इलाकों में स्मार्ट मीटर का सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है, जिसके चलते उपभोक्ताओं के घरों में बिजली बिल का अपडेट आना बंद हो गया है। हालात यह हैं कि कई-कई महीनों का बिल एक साथ बकाया दिखाया जा रहा है।

स्मार्ट मीटर से परेशान उपभोक्ता

लखनऊ के बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के कारण गलत और मनमाने बिल भेजे जा रहे हैं। कई मामलों में उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से 10 गुना तक ज्यादा बिजली बिल थमा दिया गया है। इससे आम जनता आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से परेशान है।

शिकायतों पर भी नहीं मिल रहा समाधान

उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस जवाब नहीं दिया जा रहा। जिम्मेदार अधिकारी या तो टालमटोल कर रहे हैं या फिर स्मार्ट मीटर कंपनी पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

राजभवन डिवीजन में सबसे ज्यादा समस्या

सबसे ज्यादा शिकायतें राजभवन डिवीजन से सामने आ रही हैं, जहां बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर उपभोक्ता बिलिंग गड़बड़ी से जूझ रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय अधिकारी भी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।

बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

स्मार्ट मीटर को पारदर्शिता और सुविधा के नाम पर लागू किया गया था, लेकिन मौजूदा हालात में यह सिस्टम उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बन गया है। सवाल यह है कि जब सिस्टम फेल है तो उपभोक्ताओं से गलत बिलों की वसूली क्यों की जा रही है?
अब देखना यह है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है या उपभोक्ताओं को यूं ही स्मार्ट मीटर की मार झेलनी पड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here