Home Cricket पहले वन डे मे भारत ने न्यूज़ीलैंड को 4 विकेट से हराकर...

पहले वन डे मे भारत ने न्यूज़ीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज़ में बनाई 1-0 की बढ़त

51
0

वडोदरा मे खेले गए भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में 1-0 की अहम बढ़त बना ली है।  भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। न्यूज़ीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से डेरिल मिचेल ने सबसे बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 84 रन की संयमित और जिम्मेदार पारी खेली। उनके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिसकी बदौलत न्यूज़ीलैंड 300 के मजबूत स्कोर तक पहुंच सका।

301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संतुलित रही। कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने पारी की नींव रखी। रोहित शर्मा लय में नजर आए और आकर्षक शॉट्स लगाए। उन्होंने 26 रन की पारी में 2 शानदार छक्के और 3 चौके जड़े, लेकिन 9वें ओवर में 39 के स्कोर पर वो आउट हो गए रोहित के आउट होने के बाद क्रीज़ पर आए विराट कोहली ने गिल के साथ मिलकर पारी को संभाला।  और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गिल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। और  56 रन बनाकर आउट हो गए

इस मैच मे कोहली ने 93 रन की शानदार पारी खेली और इस दौरान अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 28,000 रन पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया और अब वह इस सूची में सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं। कोहली ने अपनी पारी में 8 चौके और 1 छक्का लगाया। वह शतक के बेहद करीब थे, लेकिन 40वें ओवर में 93 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि, उनकी पारी भारत की जीत की सबसे बड़ी आधारशिला साबित हुई। कोहली के साथ श्रेयस अय्यर ने भी बेहतरीन बल्लेबाज़ी की। दोनों के बीच 77 रन की अहम साझेदारी हुई। श्रेयस अय्यर आक्रामक अंदाज़ में खेलते दिखे, लेकिन वह 49 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद भारत की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। रवींद्र जडेजा सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक के बाद एक विकेट गिरने से न्यूज़ीलैंड की टीम मुकाबले में वापसी करती नजर आई और मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। तब हर्षित राणा ने 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर भारत को संभाला। उनके आउट होने के समय भारत को 22 गेंदों में 22 रन की जरूरत थी। अंत में केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर ने टीम को जीत दिला दी।  इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here