लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में जनता दरबार लगाकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस जनता दरबार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें सीएम के सामने रखीं।

जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित व्यक्ति को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। जनता दरबार में भूमि विवाद, पुलिस, राजस्व, आवास, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े मामलों की सबसे अधिक शिकायतें सामने आईं। मुख्यमंत्री योगी ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।





