अयोध्या में राम मंदिर के एग्जिट गेट के पास नमाज अदा किए जाने के कथित मामले ने सियासी और धार्मिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस मुद्दे पर हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
महंत राजू दास का कहना है कि राम जन्मभूमि परिसर से जुड़े क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नमाज पढ़े जाने की सूचना मिली है, जो आस्था से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली हैं और इन्हें किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।महंत ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि 3–4 लोगों ने राम जन्मभूमि क्षेत्र में नमाज अदा की।
उन्होंने इसे गंभीर मानसिकता का परिणाम बताते हुए कहा कि यह आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है और ऐसे प्रयास जानबूझकर माहौल बिगाड़ने के लिए किए जाते हैं।उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि अयोध्या जैसे पवित्र धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने के लिए कड़े निर्णय लिए जाने चाहिए। महंत राजू दास ने यह भी कहा कि यदि ऐसी ही कोई हरकत किसी हिंदू द्वारा किसी अन्य धार्मिक स्थल पर की जाती, तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।महंत ने अंत में प्रशासन से मांग की कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।





