बदायूं से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। उझानी थाना क्षेत्र स्थित एक मेंथा फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तीन सुरक्षा गार्डों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में तैनात तीनों सुरक्षा गार्ड रात में बंद कमरे के भीतर अंगीठी जलाकर सो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने की वजह से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखी तो मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस मेंथा फैक्ट्री में इस तरह की घटना सामने आई हो। करीब आठ महीने पहले भी इसी फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी। उस समय कई दिनों बाद फैक्ट्री परिसर से मजदूर का कंकाल बरामद हुआ था, जिससे फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए थे।





