टीवी शो ‘उड़ारियां’ से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस ईशा मालवीय अब अपने करियर के एक नए और बड़े मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही हैं। इंडस्ट्री में चल रही खबरों के मुताबिक, ईशा जल्द ही फिल्मों में कदम रखने वाली हैं। बताया जा रहा है कि वह एक बड़े और हाई-स्केल प्रोजेक्ट की तैयारी कर रही हैं, जिसकी जानकारी फिलहाल गुप्त रखी गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह कोई छोटी फिल्म नहीं बल्कि एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जो ईशा के बॉलीवुड डेब्यू का रास्ता खोल सकता है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ईशा जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पिछले कुछ हफ्तों से ईशा का शेड्यूल काफी बिजी नजर आ रहा है। लगातार मीटिंग्स, बदला हुआ लुक और बढ़ती पब्लिक अपीयरेंस ने फैंस के बीच उत्सुकता और भी बढ़ा दी है। लोग कयास लगा रहे हैं कि उनके करियर में जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है।
ईशा मालवीय ने अपने करियर की शुरुआत ‘उड़ारियां’ से की थी और फिर बिग बॉस 17 में नजर आकर खूब चर्चा में रहीं। इन दिनों वह कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा वह संजू राठौड़ के सुपरहिट गाने ‘एक नंबर’ में भी काम कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और इंस्टाग्राम पर उनके 3.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।


