निकाह के बाद दहेज, प्रताड़ना और फिर संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
लखनऊ की महिला इंजीनियर की सऊदी अरब में रहस्यमयी मौत
लखनऊ। लखनऊ की रहने वाली सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद परिवार और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज उत्पीड़न के बाद की गई सुनियोजित हत्या बताया है।
निकाह के कुछ ही दिनों बाद शुरू हुआ दहेज का दबाव
मृतका ऐमन खान की शादी 10 अप्रैल 2025 को लखनऊ में मोहम्मद आमिर खान से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ही पति द्वारा दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। पिता के मुताबिक इनोवा कार की मांग की गई थी, जिसे पूरा भी किया गया, लेकिन कार बेटी के नाम पर न होने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया गया।
सऊदी पहुंचते ही बढ़ी प्रताड़ना
शादी के कुछ समय बाद पति सऊदी अरब चला गया और जून 2025 में ऐमन को भी जेद्दा बुला लिया गया। परिजनों का आरोप है कि वहां पति, उसका भाई और रिश्तेदार मिलकर ऐमन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उस पर 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया गया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां दी गईं।
भारत लौटकर बताई आपबीती, फिर दोबारा भेजी गई सऊदी
लगातार उत्पीड़न से तंग आकर ऐमन अक्टूबर 2025 में भारत लौटी और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। पिता ने ससुराल पक्ष से बातचीत कर आश्वासन मिलने के बाद 19 अक्टूबर 2025 को बेटी को दोबारा सऊदी भेज दिया, लेकिन वहां पहुंचते ही हालात और बदतर हो गए।
भूखा रखा, पासपोर्ट छीना, घर से निकाला
परिवार का आरोप है कि ऐमन को सऊदी में खाना तक नहीं दिया जाता था, उसे घर से बाहर निकाल दिया जाता था और भारत लौटने की कोशिश करने पर उसका पासपोर्ट व इकामा जबरन छीन लिया गया। पिता लगातार ऑनलाइन पैसे भेजते रहे, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
कॉल बंद होते ही बढ़ी अनहोनी की आशंका
17 दिसंबर 2025 को ऐमन से हुई आखिरी बातचीत के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। 18 दिसंबर को कई बार कॉल करने पर संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद सऊदी में रह रहे परिचित मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में ऐमन की मौत की जानकारी दी गई।
गर्भवती होने और हत्या का गंभीर आरोप
परिजनों का दावा है कि ऐमन गर्भवती थी और उसकी दुपट्टे से फांसी लगाकर हत्या की गई। शव को सऊदी अरब से लखनऊ लाया जा रहा है। परिवार ने पोस्टमार्टम के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लखनऊ में दर्ज हो रहा मुकदमा, विदेश मंत्रालय से भी मदद की तैयारी
थाना चिनहट पुलिस के अनुसार मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामला अंतरराष्ट्रीय होने के कारण विदेश मंत्रालय को भी पत्राचार किया जा सकता है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।




