योगी सरकार निर्माण श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने और उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से बुधवार को लखनऊ के लेबर अड्डा मोहनलालगंज, लेबर अड्डा बुद्धेश्वर एवं लेबर अड्डा बाराबिरवा (आशियाना) में जागरूकता अभियान एवं पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार, उनके बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए ऐसे जागरूकता एवं पंजीयन शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिकों ने भाग लिया और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पंजीयन प्रक्रिया का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान निर्माण श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें प्रमुख रूप से कन्या विवाह सहायता योजना,मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना,संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना,गंभीर बीमारी सहायता योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना,शामिल रहीं। पात्र पाए गए श्रमिकों का मौके पर ही पंजीकरण एवं नवीनीकरण भी कराया गया।
जागरूकता शिविर में विशेष रूप से अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-06 एवं कक्षा-09 में प्रवेश हेतु अधिकाधिक आवेदन करने पर जोर दिया गया। बोर्ड के अंतर्गत न्यूनतम तीन वर्ष की अवधि पूर्ण कर चुके श्रमिकों को अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के आयोजन में विज्ञान फाउंडेशन एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के साथ श्रम प्रवर्तन अधिकारी शक्तिराय, संतोष कुमार और सुनील कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। अधिकारियों ने श्रमिकों को समय से पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराने की आवश्यकता पर बल दिया। अपर श्रमायुक्त, लखनऊ क्षेत्र, कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड की किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए निर्माण श्रमिक का बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत होना तथा पंजीयन का नियमानुसार नवीनीकरण अनिवार्य है। श्रमिक अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण सीएससी ई-डिस्ट्रिक्ट सेंटर, सीएससी ई-गवर्नेंस सेंटर अथवा बोर्ड की वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से करा सकते हैं।



