Home वायरल-वीडियो ‘पापा कर्ज में हैं’ वोट डालने पहुंचे अक्षय कुमार से बच्ची की...

‘पापा कर्ज में हैं’ वोट डालने पहुंचे अक्षय कुमार से बच्ची की गुहार, जवाब ने जीता लोगों का दिल

137
0

महाराष्ट्र में गुरुवार, 15 जनवरी को 29 नगर निगमों के लिए मतदान हुआ। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बॉलीवुड की कई नामी हस्तियों ने भी हिस्सा लिया। इन्हीं में अभिनेता अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना भी सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचे।

लेकिन वोटिंग के बाद अक्षय कुमार से जुड़ा एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, मतदान करने के बाद जब अक्षय कुमार मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तभी एक छोटी बच्ची मदद की गुहार लेकर उनके पास पहुंच गई। बच्ची ने भावुक स्वर में बताया कि उसके पिता भारी कर्ज में हैं और परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है। यह सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही सिक्योरिटी गार्ड बच्ची को हटाने की कोशिश करता है, अक्षय कुमार तुरंत उसे रोक देते हैं। वह पूरी तसल्ली से बच्ची की बात सुनते हैं और उससे कहते हैं कि वह अपना फोन नंबर देकर जाए।

अक्षय का यह संवेदनशील रवैया अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। इससे पहले मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा था कि आज का दिन बेहद अहम है। उन्होंने कहा, “आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में होता है। हम तय करते हैं कि शहर को कौन चलाएगा। इसलिए हर मुंबईकर को घर से बाहर निकलकर वोट जरूर करना चाहिए।”

बच्ची से बातचीत के दौरान वह भावुक हो जाती है और अक्षय कुमार के पैर छूने लगती है, लेकिन अभिनेता तुरंत पीछे हट जाते हैं और उसे ऐसा न करने का इशारा करते हैं। यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग अक्षय कुमार की दरियादिली और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई मौकों पर अक्षय कुमार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं, और एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि वह सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल ज़िंदगी में भी ‘खिलाड़ी’ हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here