कड़ाके की ठंड को देखते हुए CWC सदस्य एवं पूर्व विधायक करन माहरा ने गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत को मरीजों के उपयोग के लिए 60 रजाइयां भेंट कीं इन दिनों क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप जारी है, ऐसे में अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए गर्म बिस्तर बेहद जरूरी हो गया है।
इस अवसर पर करन माहरा ने अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. डी.एस. नेगी, डॉ. दीपक शर्मा और डॉ. अशोक टम्टा को रजाइयां सौंपीं, उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, साथ ही अस्पताल कर्मचारियों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

करन माहरा ने कहा कि जाड़ों के मौसम में केवल कंबल ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त नहीं होते। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों में मरीजों को रजाइयां उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, उन्होंने बताया कि इससे पहले भिकियासैंण अस्पताल को 20 रजाइयां दी जा चुकी हैं और अब रानीखेत अस्पताल को 60 रजाइयां प्रदान की गई हैं।
इस दौरान करन माहरा ने भिकियासैंण क्षेत्र में पोस्टमार्टम सुविधा को लेकर भी चिंता जताई, उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण भिकियासैंण और चौखुटिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत से डॉक्टरों की टीम भेजनी पड़ती है, जिससे यहां की अस्पताल व्यवस्था पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती कर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर इलाज मिल सके।





