जनता दर्शन में 200 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं, अफसरों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर साफ कर दिया कि गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के अधिकारों से समझौता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जहां भी जमीन पट्टा आवंटन में रिश्वतखोरी की शिकायत मिले, वहां तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता की समस्याओं के समाधान के लिए खुद आगे आए मुख्यमंत्री
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों तक पहुंचे, उनकी बातों को गंभीरता से समझा और हर प्रकरण को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर पीड़ित को न्याय और हर पात्र को उसका हक दिलाना है।
पट्टा आवंटन में गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस
जनता दर्शन के दौरान जमीन पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि रुपया लेकर पट्टा देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित गांवों में तत्काल जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

अपराधियों पर सख्ती, पीड़ितों को राहत के निर्देश
अपराध से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ कड़ी और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बेटियों की शादी और इलाज के लिए सरकार साथ
जनता दर्शन में आई एक महिला की आर्थिक तंगी और बेटी की शादी की चिंता पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह की व्यवस्था कराई जाए। वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर सरकार को भेजा जाए ताकि तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह सरकार
मकर संक्रांति और खिचड़ी महापर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी के बीच भी जनता दर्शन आयोजित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और जवाबदेह है। जनता दर्शन के जरिए शासन और आम नागरिक के बीच सीधा संवाद सरकार की सुशासन और जनकल्याण की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।





